केदारनाथ विधानसभा उप चुनाव के लिए 20 नवंबर को होने जा रहे मतदान को लेकर 162 मतदान केंद्र व 173 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। जनपद को 27 सेक्टर व दो जोनों में बांटा गया है, जिनकी निगरानी के लिए आठ एफएसटी और 10 एसएसटी टीमों का गठन किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप मतदेय स्थलों और मतदान केन्द्रों का सुरक्षा प्लान तैयार कर लिया गया है। लाइसेंसी शस्त्रों को जमा किए जाने की कार्यवाही प्रचलित है, 95 प्रतिशत लाइसेंशी शस्त्रों को अब तक जमा करा लिया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक व राज्य पुलिस नोडल अधिकारी, चुनाव एपी अंशुमान ने यह जानकारी दी है। सोमवार को उन्होंने चुनाव सकुशल संपन्न कराए जाने के लिए जनपद प्रभारी रुद्रप्रयाग के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने अब तक करीब 210 लीटर अवैध शराब बरामद की है व निर्वाचन को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों को भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की उचित धाराओं में प्रतिबंध किया जा रहा है। जनपद रूद्रप्रयाग के सभी अधिकारी व कर्मचारी निर्वाचन आयोग के अधीन हैं। निर्वाचन के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन किया जाए। साथ ही निर्देशित किया कि निर्धारित मानक के अनुसार फोर्स की तैनाती का प्लान तैयार किया जाए। उप निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यकतानुसार पुलिस बल नियुक्त करें। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक, अभिसूचना व संचार कृष्ण कुमार वीके, उत्तराखण्ड, पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था नीलेश आनंद भरणे, पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र करन सिंह नगन्याल, पुलिस उप महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था पी रेणुका देवी सहित पुलिस अधीक्षक रूद्रप्रयाग ने प्रतिभाग किया।

