अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर देहरादून में सम्मान समारोह, सीएम धामी ने 38 वरिष्ठ महिलाओं को किया सम्मानित
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘नारी तू नारायणी’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 38 वरिष्ठ महिलाओं को सम्मानित किया।
पुरस्कृत महिलाओं ने शिक्षा, समाज सेवा, उद्यमिता, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, संस्कृति और जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज उस महिलाओं का सम्मान किया जा रहा है, जिनके त्याग, संघर्ष, स्नेह और संस्कारों ने परिवार, समाज और राष्ट्र की नींव को मजबूत बनाया है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्नेह, त्याग और आशीर्वाद से ही पीढ़ियां आगे बढ़ती हैं और समाज निरंतर प्रगति करता है। उन्होंने कहा कि मां अपने जीवन के सुखों का त्याग कर बच्चों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठ महिलाएं केवल परिवार की ही नहीं बल्कि संस्कृति, परंपरा और जीवन मूल्यों की भी संरक्षक होती हैं। उत्तराखंड की मातृशक्ति का योगदान विशेष रूप से प्रेरणादायी है।
प्रदेश की महिलाएं परिवार की जिम्मेदारी निभाने के साथ खेत-खलिहानों में भी सक्रिय भूमिका निभाती हैं और कठिन परिस्थितियों में भी साहस के साथ आगे बढ़ती हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ की असली ताकत उसकी मातृशक्ति है।
महिलाएं समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत : रेखा आर्या
इस अवसर पर महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत होती हैं।

