विस सत्र से उत्तराखंड सीएम का ऐलान, हर विकासखंड में खोले जाएंगे खेल स्टेडियम
प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में भी युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे प्रोत्साहित करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। इस कड़ी में प्रदेश सरकार हर विकासखंड में एक मिनी स्टेडियम का निर्माण करेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदन में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बजट में सरकार ने इसकी व्यवस्था की है।
सदन में बुधवार को मिनी स्टेडियम को लेकर सदन में उठाए गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह जानकारी दी। इससे पहले पूर्व खेल मंत्री रेखा आर्य ने मिनी स्टेडियमों के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि खेल विभाग ने अभी तक 30 स्टेडियम और 102 मिनी स्टेडियम का निर्माण किया है। वहीं, युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत छह स्टेडियम निर्माणाधीन है और 11 मिनी स्टेडियमों का निर्माण प्रस्तावित है।
उन्हाेंने बताया कि स्टेडियम, मिनी स्टेडियम और खेल मैदान के लिए अलग-अलग मानक तय है। सरकार भूमि की उपलब्धता व वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता पर इनका निर्माण करा रही है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी तक युवा कल्याण विभाग द्वारा बनाए जा रहे मिनी स्टेडियमों का रखरखाव जिला योजना, जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए जा रहे सहयोग और इनमें होने वाले आयोजनों से मिलने वाली धनराशि से किया जा रहा है। उन्होंने विधायक मुन्ना सिंह चौहान द्वारा इनके रखरखाव की जिम्मेदारी जिला पंचायतों को दिए जाने के सुझाव का परीक्षण कर इसे अमल में लाने की भी बात कही।

