पटना वाले खान सर के कोचिंग के बाहर फायरिंग की घटना हुई. दावा है कि उनके सेंटर के बाहर 10 राउंड फायरिंग की गई. पढ़ें![]()
पटना: राजधानी पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब चर्चित शिक्षक खान सर की कोचिंग संस्थान में कुछ असामाजिक तत्वों ने घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट की घटना को अंजाम दिया. घटना में कोचिंग परिसर के कई सामान क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि वहां तैनात एक गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया. गार्ड के सिर में चोट लगने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग: घटना की सूचना मिलते ही पटना पुलिस हरकत में आ गई. मौके पर पटना के एसएसपी के साथ कदमकुआं थाना पुलिस और अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. देर रात तक पुलिस टीम घटनास्थल पर मौजूद रहकर साक्ष्य जुटाने में लगी रही.
सिक्योरिटी गार्ड घायल: घटना के बाद मौके पर पहुंचे खान सर ने आरोप लगाया कि हाल ही में बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में उनके कोचिंग संस्थान के हजारों छात्रों का चयन हुआ है, जिससे कुछ प्रतिस्पर्धी कोचिंग संस्थान परेशान हैं. उन्होंने दावा किया कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं. जिसके बाद मारपीट और तोड़फोड़ की घटना हुई.
”बगल का कोचिंग वाला है, देर रात कुछ लोग कोचिंग परिसर में पहुंचे और दो दिनों के भीतर कोचिंग को उड़ाने की धमकी दी. विरोध करने पर गार्ड के साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.” – खान सर, शिक्षक
‘हम इतनी कम फीस पर क्यों पढ़ा रहे हैं?’: शिक्षक खान सर ने कहा, इन लोगों का कहना है कि, हम इतनी कम फीस पर क्यों पढ़ा रहे हैं?. हमें इतने शानदार नतीजे क्यों मिल रहे हैं?. उन्होंने कहा कि, जब हज़ारों की संख्या में नतीजे आते हैं, तो कुछ असामाजिक तत्वों को खतरा महसूस होने लगता है.
खान सर ने प्रशासन से मांगी सुरक्षा: खान सर ने कहा कि ”उन्हें लगता है कि वे हमें दबा सकते हैं हमलावरों ने ऑफिस में पूरी तरह तोड़फोड़ की और गोलियां चलाईं. 10 राउंड गोलियां चलते मैंने देखा. CCTV फुटेज अधिकारियों को सौंप दिया गया है. हमारे सुरक्षा गार्ड ने भी हमलावरों की पहचान लिया है, ये पास के कोचिंग सेंटर के लोग हैं. हमें सुरक्षा चाहिए.”
स्थानीय लोगों ने क्या कहा?: स्थानीय लोगों का कहना है कि मुसल्लहपुर स्थित पटना वाले खान सर के कोचिंग के बाहर फायरिंग की घटना हुई, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने बताया कि पत्थरबाजी भी घटना भी हुई. इस हमले में एक सिक्योरिटी गार्ड घायल है. उसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. घटना के बाद से इलाके में तनाव है. मौके पर भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है.
क्या बोले पटना एसएसपी?: वहीं, घटना को लेकर पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कुछ छात्रों द्वारा कोचिंग परिसर में मारपीट और तोड़फोड़ किए जाने की जानकारी सामने आई है. घटना में एक गार्ड घायल हुआ है, जिसका बयान दर्ज किया जाएगा.
”पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. जो भी व्यक्ति घटना में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.” – कार्तिकेय के शर्मा, एसएसपी, पटना
फायरिंग की किसी घटना की पुष्टि नहीं: इधर, पटना पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में फायरिंग की किसी घटना की पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस ने केवल कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव, हंगामा और तोड़फोड़ किए जाने की बात कही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटनास्थल से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है.
