Uttarakhand weather update उत्तराखंड के कई जिलों में आज बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है.
देहरादून: उत्तराखंड में आज फिर मौसम करवट बदल सकता है. देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र ने आज प्रदेश के कई पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है. वहीं मैदानी और घाटी वाले क्षेत्रों में कोहरे का असर देखने को मिलेगा, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. वहीं मौसम विभाग ने शेष जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की उम्मीद जताई है. साथ ही आज मौसम को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है.
उच्च क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार: देहरादून मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के पांच प्रमुख पहाड़ी जनपद उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ में मौसम करवट बदल सकता है. इन जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है. साथ ही प्रदेश के 3400 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने का अंदेशा जताया गया है. मौसम में इस बदलाव से पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ जाएगी.
घाटियों में कोहरे बढ़ा सकता है लोगों की टेंशन: मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में मध्यम कोहरा छाये रहने की संभावना है, जिससे सुबह और शाम के समय विजिबिलिटी कम हो सकती है. हालांकि, प्रदेश के 5 पहाड़ी जनपदों को छोड़कर राज्य के शेष सभी जिलों में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क बना रहेगा. राहत की बात यह है कि विभाग द्वारा किसी भी प्रकार की गंभीर मौसम चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया गया है.
देहरादून में ऐसा रहेगा मौसम: यदि राजधानी देहरादून की बात करें, तो यहां मुख्यतः आसमान साफ रहने की संभावना जताई गई है. वहीं दिन में अच्छी धूप देखने को मिलेगी, जिससे फिलहाल कड़ाके की ठंड से राहत रहेगी. देहरादून में अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम तापमान 15°C के आसपास बने रहने का अनुमान जताया गया है.
वहीं प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है. बदरीनाथ केदारनाथ धाम में हल्की बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है. लगातार हो रही बर्फबारी के चलते केदारनाथ धाम ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है. मंदिर परिसर से लेकर आसपास की पहाड़ियां बर्फ से ढक गई हैं. बर्फबारी के बाद केदारनाथ धाम का नजारा काफी खूबसूरत बना हुआ है.