देहरादून में आज कांग्रेस निकालेगी रैली… बदला शहर का ट्रैफिक प्लान, इन रास्तों पर जाने से बचें
सोमवार को शहर में निकलने जा रही कांग्रेस की रैली को देखते हुए पुलिस ने यातायात प्लान जारी किया है। रैली शहर के अंदर होने के कारण कई रूटों को डायवर्ट किया गया है। पुलिस की ओर से आमजन से अपील की गई है कि असुविधा से बचने के लिए राजपुर रोड व हाथीबड़कला रोड का 11 बजे से रैली समाप्ति तक प्रयोग करने से बचें। रैली को लेकर अतिरिक्त पुलिस फोर्स को तैनात किया जाएगा।
रैली परेड ग्राउंड से करीब 11 बजे शुरू होगी। रैली शुरू होने पर ओरियंट चौक से कनक चौक जाने वाले ट्रैफिक को ग्लोब चौक होते हुए भेजा जाएगा। साथ ही लैंसडोन चौक व बुद्धा चौक से आवश्कतानुसार ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। रैली के कनक चौक पहुंचने पर पैसिफिक तिराहा से कनक चौक जाने वाले ट्रैफिक को तनेजा ऑप्टिकल कट से रोजगार तिराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

