उत्तराखंड राज्य 21वीं निशानेबाजी प्रतियोगिता के 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतियोगिता में तीर्थनगरी के आदर्श भट्ट ने स्वर्ण पदक हासिल किया है। वहीं जूनियर वर्ग में 50 मीटर ओपन साइड राइफल प्रतियोगिता में यमकेश्वर के मल्ला बनास निवासी अभय बिष्ट ने स्वर्ण तथा 50 मीटर प्रोन राइफल ग्रुप टीम में रजत पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
देहरादून के जसपाल राणा शूटिंग रेंज में आयोजित निशानेबाजी प्रतियोगिता में मूल रूप से यमकेश्वर प्रखंड के बूंगा गांव तथा हाल निवासी श्यामपुर चोपड़ा फार्म आदर्श भट्ट ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक हासिल करते हुए क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। इससे पूर्व भी आदर्श भट्ट आल इंडिया ओपन चैंपियनशिप नोएडा में रजत व आल उत्तराखंड स्कूल शूटिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीत चुके हैं।
आदर्श के पिता पूर्व सैनिक अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही सुदेश भट्ट वर्तमान में क्षेत्र पंचायत बूंगा से सदस्य हैं। 15 वर्षीय आदर्श एनडीएस स्कूल श्यामपुर में दसवीं कक्षा में अध्यनरत है और पढ़ाई के साथ साथ निशानेबाजी में भी कठिन परिश्रम कर रहा है।
वहीं अभय बिष्ट ग्राम पंचायत तल्ला बनास के प्रधान बचन बिष्ट के पुत्र हैं। अभय ने उत्तराखंड प्रदेश शूटिंग चैंपियनशिप उत्तराखंड में जूनियर वर्ग में 50 मीटर ओपन साइड राइफल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। वहीं 50 मीटर प्रोन राइफल ग्रुप टीम में भी अभय ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक कब्जाया। जिसके आधार पर अभय ने नोर्थ जोन नेशनल प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई किया है।

