होली के धमाल में सीएम धामी संग उमड़ी भीड़, दिखा विकास परियोजनाओं और जनसंवाद का संगम
उत्तराखंड में इन दिनों मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होली के रंग में डूबे हैं तो आस्था और विकास को लेकर आमजन की उम्मीदों में भी नया रंग भर रहे हैं।
शुक्रवार को धामी के चंपावत और खटीमा दौरे में अच्छी-खासी भीड़ उमड़ी। मुख्यमंत्री स्वयं होल्यारों की भांति अबीर-गुलाल खेलते तो दिखे ही, साथ में स्थानीय नागरिकों के विश्वास से भी स्वयं को मजबूती से जोड़ने का मौका चूक नहीं रहे हैं।
मानसून काल में आपदा के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने तुरंत आपदा प्रभावितों के बीच पहुंचकर उनकी पीड़ा पर मरहम लगाई थी।
इस बीच राज्य की रजत जयंती के अवसर पर उन्होंने सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प को मूर्त रूप देने के अभियान को गति दी। अब रंगों के पर्व होली के मौके पर धामी जुदा अंदाज के साथ जनता के बीच में हैं।
चंपावत एवं खटीमा का उनका दौरा कई मायनों में अहम रहा। मुख्यमंत्री ने मां पूर्णागिरी धाम मेले का उद्घाटन किया।
मंदिर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को विस्तार से जनता के सामने रखा। पार्किंग, पेयजल और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था को आधुनिक बनाने एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को लेकर दिशा निर्देश भी दिए।
शारदा व गोल्ज्यू कारिडोर पर बढ़ रहे कदम
शारदा कारिडोर अब मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट बन चुका है। यह आध्यात्मिक पर्यटन को नई पहचान देने वाला महत्वपूर्ण प्रकल्प है।
पहले चरण में 179 करोड़ रुपये की लागत से कार्यों की शुरुआत की गई है। मास्टर प्लान के तहत गोल्ज्यू कारिडोर के निर्माण की दिशा में भी तेजी से कदम बढ़े हैं।
लगभग 430 करोड़ रुपये की यह योजना क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने जा रही है।टनकपुर में 238 करोड़ रुपये की लागत से आइएसबीटी के निर्माण ने गति पकड़ी है।
इसके बनते ही स्थानीय नागरिकों को आधुनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी एवं पर्यटकों के लिए भी आवागमन और आसान होगा।
जनता के साथ सीएम का आत्मीय संवाद
मुख्यमंत्री काली कुमाऊं होली रंग महोत्सव का हिस्सा बने। जनता से उन्होंने आत्मीय संवाद किया। कार्यक्रम में उमड़ रही भीड़ से मुख्यमंत्री खासे उत्साहित दिखे। यह अलग बात है कि सौम्य धामी अब कांग्रेस को लेकर हमलावर हैं।

